Pages

Thursday, 31 May 2012

अनजान सफर यमनोत्री और गंगोत्री का

ये बात उस समय की है जब मैं २२ साल का था, और गाजियाबाद के होटल मे काम करता था, सेल्स टीम का सदस्य होने के कारण मुझे देशी और विदेशी लोग को देहली, आगरा और अन्य जगह घुमाने का खूब मौक मिलता था, जिस कारण मैं अपनी घुमकड़ी की इच्छा भी पूरी कर लेता था, मेरे उत्तराखंड के होने की वजह से हमारे होटल के डिरेक्टर ने एक  दिन मुझे बुला के कहा की उनकी वाइफ के रिश्तेदार विदेश से आ रहे है चार धाम की यात्रा के लिए, तो तुम ऋषिकेश जा कर गढ़वाल मंडल के गेस्ट हाउस की बुकिंग करवा दो, (आप लोगो को बता दूँ की गढ़वाल मंडल के होटल चार धाम मे भी  है जो सीजन मे हमेशा बुक रहते है और उनकी बुकिंग ऋषिकेश ऑफिस से आप करवा सकते है)

जून का महीना था और मैं दोपहर की बस पकड़ कर ऋषिकेश पहुच गया, सीधे गढ़वाल मंडल के ऑफिस मे जा के पता चला की की भई हमे  तो चारो धामों मे जा कर ही बुकिंग करवानी पड़ेगी कियुकी उनके पास अभी जानकारी  नहीं है की कहाँ रूम खाली है. अब घुमकड़ी का कीड़ा जाग उठा की जब भगवान खुद दर्शन देने की लिए बुला रहे है तो तू क्यों चिंता करता है, सीधे डिरेक्टर साहब को फ़ोन मिलाया की सर यहाँ से बुकिंग बंद है चारो धामों मे जा कर ही बुकिंग करवानी पड़ेगी आप का क्या आदेश है, उनका जवाब वो ही था जो मैंने सोचा था. डिरेक्टर जी का एक बंगला मसूरी मे भी है जो ऋषिकेश से १ या १.३० घंटे दूर है, उन्होंने मुझे कहा की वह किसी को पैसो के साथ ऋषिकेश भेज रहे है, तुम पैसे लेके आगे की यात्रा पे चले जाना. अब पूरी फुर्सत थी तो लक्ष्मण झुला और ऋषिकेश के नजारों के दर्शन किये और जानकारी इक्कठा करी की आगे की यात्रा कैसे की जाये.

जानकारी मिली की पहले यमनोत्री जाओ फिर गंगोत्री फिर बद्रीनाथ और केदारनाथ. श्याम को वो सज्जन भी आ गए जो मसूरी से पैसे लाये थे, अच्छा ये बता दूँ की उत्तराखंड मे बसे तडके निकाल पड़ती है कियु की रूट लम्बा होता है, पता चला की सुबह ३.३० बजे की  बस है यमनोत्री की, और अभी टिकिट खिड़की बंद हो गयी है और सुबहे ३.०० बजे खुलेगी, अब रात काटने के लिए एक होटल मे १५० रूपए  मे कमरा लिया और सुबहे २.३० बजे सो कर उठा, फटाफट मुह हाथ धो कर सीधे बस अड्डे पंहुचा, यात्रा का समय होने के कारण बहुत भीड़ थी पता चला की यमनोत्री की बस पूरी फुल है पैर रखने की भी जगह नहीं है, तो सोच मे पड़ गया की क्या करू अगर ये बस छूट गयी तो फिर टाइम से यमनोत्री नहीं पहुच पाउँगा  (आप को ये बताना जरूरी है की मैं गढ़वाल से तो हूँ पर पौड़ी गढ़वाल से, और मुझे टिहरी और चमोली गढ़वाल के बारे मे कुछ भी नहीं पता नहीं है.)
अभी सोच ही रहा था की आवाज़ आई क्या तुम भी यमनोत्री जा रहे है, देखा तो २४-२५ साल का नौजवान था, मेरे बोलने से पहले ही वो बोला की मुझे भी यमनोत्री जाना है, बातो का सिलसिला बढ़ा तो पता चला की वो एयरफोर्स में काम करता है और बंगाल से है (नाम मुझे अभी याद नहीं है) अब एक से दो दिमाग हो गए तो पता चला की गंगोत्री वाली बस पकड़ ले और बडकोट उतर जाये, तो जी चढ़ गए गंगोत्री की बस मे.. अब ये भी याद नहीं है की कितना टाइम लगा था, सारे रास्ते हम दोनों एक दुसरे के बारे मे जानकारी लेते रहे.
बडकोट आने पर उतर गए और एक दुकानदार से यमनोत्री की जानकारी हासिल करी की कैसे पंहुचा जाये, उनके आदेश अनुसार एक जीप मे बैठ गए जो हमें फूलचट्टी पे उतार गया |

फूलचट्टी से हनुमानचट्टी और फिर यमनोत्री की चढाई शरू कर दी, हम दोनों ने पैदल है चढाई करने का फैसला किया था, हाँ एक बात और याद आई की चढाई के समय एक बुजुर्ग जो दर्शन कर के नीचे पैदल आ रहे थे, वो चक्कर आने के कारण गिर पड़े, हमने उन्हें पानी पिलाया और जो उनके साथ थे उन्होंने बताया की वो लोग राजेस्तान के है और चार धाम यात्रा पे आये है,  उन्हें हम वहां बैठा कर आगे चल पड़े यमनोत्री सामीप आती जा रही थी और थकान के कारण हमारा बुरा हाल हो रहा था, मगर एक बात दोस्तों जब पहले दर्शन हुए यमनोत्री  के  तो सारी थकान उतर गयी.

यमनोत्री पहुच कर हम सीधे गढ़वाल मंडल के रेस्ट हाउस मे पहुचे, रेस्ट हाउस के केयरटेकर बहुत सज्जन निकले उन्होंने चाय, पानी की खातिरदारी के बाद हमारी बुकिंग के बारे मे पुछा, मैंने उन्हें ४ कमरे और १० डोमेट्री की बुकिंग करने को कहा और अपने लिए आज रात रुकने के इंतजाम के लिए कहा, उन्होंने हमें कहा की अभी आरती होने वाली है तुम लोग पहले नहा लो दर्शन करके आ जाना तब तक वो खाने का इंतजाम करते है. नहा के हम सीधे दर्शन करने पहुचे, आज मेरा जन्मदिन भी था, माँ यमनोत्री की चरणों के आशीर्वाद के साथ अपने और अपने परिवार की कामना की.

अब जरा माँ यमनोत्री की जानकारी भी हो जाये .
यमुना नदी की तीर्थस्‍थली यमनोत्री हिमालय की खूबसूरत वादियों में स्थित है। यमुना नदी का उद्गम कालिंद नामक पर्वत से हुआ है। हिमालय में पश्चिम गढ़वाल के बर्फ से ढँके श्रंग बंदरपुच्‍छ जो कि जमीन से 20,731 फुट ऊँचा है, के उत्‍तर-पश्चिम में कालिंद पर्वत है। इसी पर्वत से यमुना नदी का उद्गम हुआ है। कालिंद पर्वत से नदी का उद्गम होने की वजह से ही लोग इसे कालिंदी भी कहते हैं।

यहाँ चावल की छोटी छोटी पोटली को गरम पानी के कुण्ड में पकाया जाता है और प्रसाद के तौर भोग लगाया जाता है, देखा देखि हमने भी अपनी पोटली गरम करनी शरू कर भोग लगाया. वापस रेस्ट हाउस आ कर डिनर का आनंद लिया, और लम्बी तन कर सो गए, सुबहे ५.०० बजे आंख खुली, बाहर का नजारा देख कर जो अनुभूति हुई दोस्तों बयां करना मुश्किल है.

होटल के केयरटेकर से विदा ले कर हम अपने अगले पड़ाव की ओर चल दिया जो था उत्तरकाशी….
हिमालय की सुरम्य घाटी में उत्तरकाशी समुद्र तल से एक हजार छह सौ इक्कीस फुट की ऊंचाई पर गंगोत्री मार्ग पर गंगा-भागीरथी के दाएं तट पर स्थित है तथा पूर्व और दक्षिण की ओर नदी से घिरा है। इसके उत्तर में अस्सी गंगा और पश्चिम में वरणा नदी है। वरणा और अस्सी के मध्य का क्षेत्र ‘वाराणसी’ के नाम से प्रसिद्ध है। इसे ‘पंचकाशी’ भी कहा जाता है। यह वरुणावर्त पर्वत की घाटी में स्थित है तथा इसके पूर्व में केदारघाट और दक्षिण में मणिकर्णिका घाट हैं।

पौराणिक कथाओं के अनुसार उत्तरकाशी में ही राजा भागीरथ ने तपस्या की थी और उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्माजी ने उन्हें वरदान दिया था कि भगवान शिव धरती पर आ रही गंगा को धारण कर लेंगे। तबसे यह नगरी विश्वनाथ की नगरी कही जाने लगी और कालांतर में इसे उत्तरकाशी कहा जाने लगा।
उत्तरकाशी पहुच कर सबसे  पहला काम होटल खोजने का किया और हम दोनों ने अपनी आज की और आने वाले ग्रुप की बुकिंग भी करवाई, होटल वाले से पूछने पे पता चल की गंगोत्री जाने के लिया बस सुबहे ५ बजे के है आप लोग आज श्याम को ही टिकिट ले लेना, बात जचीं तो श्याम को ही टिकिट ले ली. श्याम को विश्वनाथ तथा कालभैरव, परशुराम, दत्तात्रेय और भगवती दुर्गा के प्राचीन मंदिरों के दर्शन भी कर लिए.
अब बढतें है गंगोत्री की ओर |

अगले दिन तडके उठके गंगोत्री की बस पकड़ी जिसने हमें १२.०० के आसपास गंगोत्री उतार दिया, गंगोत्री में गढ़वाल मंडल का बहुत ही खूबसूरत रेस्ट हाउस है, यहाँ पर भी हम दोनों ने अपनी तीन दिन  की और आने वाले ग्रुप की बुकिंग भी करवाई.

गंगोत्री हिंदुओं के पावन चार धामों मे से एक है इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व सभी को आलौकिक करता है धार्मिक संदर्भ के अनुसार राजा सगर ने देवलोक पर विजय प्राप्त करने के लिये एक यज्ञ किया यज्ञ का घोडा़ इंद्र ने चुरा लिया राजा सगर के सारे पुत्र घोड़े की खोज में निकल पडे. घोड़ा पाताल लोक में मिला जो एक ऋषि के समीप बँधा था. सगर के पुत्रों ने सोचा की ऋषि ने ही घोड़े को पकडा है इस पर उन्होंने ऋषि का अपमान किया तपस्यारत ऋषि ने अपनी आँखें खोली और क्रोध से सगर के साठ हज़ार पुत्रों को जलाकर भस्म कर दिया और वह मृत आत्माएँ भूत बनकर भटकने लगीं क्योंकि उनका अंतिम संस्कार नहीं हो पाया था. भगीरथ जो राजा दिलीप के पुत्र थे. उन्होने अपने पूर्वजों का अंतिम संस्कार करने का निश्चय किया तथा गंगा को पृथ्वी पर लाने का प्रण किया जिससे उनके अंतिम संस्कार की रीतिपूर्ण कर राख को गंगाजल में प्रवाहित किया जा सके. और भटकती आत्माओं को मोक्ष प्राप्त हो. भगीरथ ने भगवान ब्रह्मा की घोर तपस्या की ताकि गंगा को पृथ्वी पर लाया जा सके. ब्रह्मा कठोर तपस्या देखकर प्रसन्न हुये और गंगा को पृथ्वी पर अवतरित होने को कहा ताकि सगर के पुत्रों की आत्माओं की मुक्ति संभव हो. उस समय गंगा ने कहा कि इतनी ऊँचाई से पृथ्वी पर गिरने से पृ्थ्वी मेरा इतना वेग नहीं सह पाएगी. तब भगीरथ ने भगवान शिव से निवेदन किया और भगवान शिव ने अपनी खुली जटाओं में गंगा के वेग को रोक कर एक लट खोल दी जिससे गंगा की पृथ्वी पर अविरल रुप से प्रवाहित हुई और सगर-पुत्रों का उद्धार हुआ गंगोत्री वह स्थान है जो गंगा का उद्गम स्थल बना.
यहाँ पर शंकराचार्य  ने गंगा देवी की एक मूर्ति स्थापित की थी। जहां इस मूर्ति की स्थापना हुई थी वहां 18वीं शती ई. में एक गुरखा अधिकारी ने मंदिर का निर्माण करा दिया है। इसके निकट भैरवनाथ का एक मंदिर है। इसे भगीरथ का तपस्थल भी कहते हैं। जिस शिला पर बैठकर उन्होंने तपस्या की थी वह भगीरथ शिला कहलाती है। उस शिला पर लोग पिंडदान करते हैं। गंगोत्री में सूर्य, विष्णु, ब्रह्मा आदि  देवताओ  के नाम पर अनेक कुंड हैं।

भगीरथ शिला से कुछ दूर पर रुद्रशिला है। जहां कहा जाता है कि  शिव ने गंगा को अपने मस्तक पर धारण किया था। इसके निकट ही केदारगंगा, गंगा में मिलती है। इससे आधी मील दूर पर वह पाषाण के बीच से होती हुई 30-35 फुट नीचे प्रपात के रूप में गिरती है। यह प्रताप नाला गौरीकुंड कहलाता है। इसके बीच में एक शिवलिंग  है जिसके ऊपर प्रपात के बीच का जल गिरता रहता है।

होटल वाले से गौमुख की जानकारी ली तो उन्होंने बताया की अभी १ बजा है आप लोग भोजवासा के लिए निकल जाये जो की गौमुख से पहले पड़ता है और गढ़वाल मंडल के होटल के साथ और भी होटल वहां पर है, हमने अपना जरुरी सामान लिया और चल दिए गौमुख की और. गंगोत्री से चलते ही एक गेट आया जहाँ हमारी तलाशी ली गयी की हमारे पास प्लास्टिक का सामान है की नहीं और कितना है, हमारे पास २ पानी की बोतल थी तो उन्होंने हमसे १०० रूपये मांगे की जब आप वापस आओगे तो आप के पास दोनों पानी की बोतल होनी चाहिये और आपको आपके पैसे वापस मिल जायेगे. हमने पूछा की ऐसा कियु तो उन्होंने बताया की वो लोग सरकार की तरफ से है और गौमुख की सफाई की जिम्मेदारी उन लोगो पे है, वो हर यात्री को चेक करते है की प्लास्टिक का सामान कितना है और १ सामान की ५० रूपये लेते है, अगर वापसी मे कोई अपना सामान वापस नहीं लाता तो वो पैसे वापस नहीं देते है और उन पैसो का इस्तमाल गौमुख की साफ सफाई मे खर्च कर देते है, हर रोज़ वो गौमुख जाते है और जितना भी प्लास्टिक का कूड़ा उन्हें मिलता है वो उसे गंगोत्री ला कर जला देते है जिसका हिसाब वहां लगे बोर्ड पर लिखा होता है की कितना कूड़ा आज इक्कठा किया और जलाया. उन लोगो के जस्बे को सलाम. ( मेरा अनुरोध उन सभी से है जो गौमुख जाते है की जो भी प्लास्टिक का कूड़ा है उसे अपने साथ वापस लाये और इस नेक  काम में अपना सहियोग दे)

खैर आगे के यात्रा चालू रखी, जो मेरे साथ जो थे वह फौजी थे, मै उनका चलने मे मुकाबला नहीं कर पा रहा था, काफी चलने के बाद मैंने उन्हें कहा की आप चलते रहो  मै आराम आराम से आऊंगा, पहाड़ी होने के बावजूद मै अपने आप को बहुत कमजोर महसूस कर रहा था ( दोस्तों मुझे जयादा चलने के आदत नहीं है). करीब १-२ किलोमीटर चलने के बाद मुझे चलने मे बहुत परेशानी होने लगी कमर के नीचे का हिस्सा बहुत दर्द कर रहा था, जब दर्द बर्दाश से बाहर हो गया तो मै एक पत्थर पर बठे गया, करीबन १० मिनट के बाद मुझे आगे से एक अंग्रेज जोड़ा आता दिखा उन लोगो ने मुझे बैठा देख उसनका कारण पूछा, मेरे बताने पे उन्होंने मुझे कुछ गोली खाने के लिए और लगाने के लिए टयूब दी, और वो चले गए, करीब १० मिनट के बाद जैसे दर्द था ही नहीं, अपनी यात्रा आगे जारी करते हुए और प्रक्रति का आनंद लेते हुए मै चलता रहा, रस्ते मे टेंट वाली कई दुकाने भी थी जहाँ आराम करने की और खाने पीने की भी सुविधा थी. एक बात जो सामने आई की कई टेंट साधुओ के भी थे जिसमे कई अंग्रेज थे, पता चला की वह १ महीने से उस साधू के साथ है, यात्रा मे साथ साथ भागीरथी जो कभी पास तो कभी दूर होती जा रही थी, खैर किसी तरह मे भोजवासा पहुच गया, वहां गढ़वाल मंडल के रेस्ट हाउस मे अपने लिए एक बेड़ भी बुक करा दिया मुझे अपने साथ का फौजी नजर नहीं आ रहा था. थोड़ी ही देर मे वो मुझे दुसरे गेस्ट हाउस से आते दिखाई दिए, उन्होंने बताया की वो दुसरे गेस्ट हाउस में अपनी व्यवस्था करा चुके है और मेरा ही इंतजार कर रहे थे.

भोज पत्र विषयक जानकारी:(दैनिक जागरण से साभार)हमारे देश के कई पुरातत्व संग्रहालयों में भोजपत्र पर लिखी गई सैकड़ों पांडुलिपियां सुरक्षित रखी है। जैसे हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय का संग्रहालय। कालीदास ने भी अपनी कृतियों में भोज-पत्र का उल्लेख कई स्थानों पर किया है। उनकी कृति कुमारसंभवम् में तो भोजपत्र को वस्त्र के रूप में उपयोग करने का जिक्र भी है। भोजपत्र का उपयोग प्राचीन रूस में कागज की मुद्रा ‘बेरेस्ता’ के रूप में भी किया जाता था। दरअसल, भोजपत्र भोज नाम के वृक्ष की छाल का नाम है, पत्ते का नहीं। इस वृक्ष की छाल ही सर्दियों में पतली-पतली परतों के रूप में निकलती हैं, जिन्हे मुख्य रूप से कागज की तरह इस्तेमाल किया जाता था। भोज वृक्ष हिमालय में 4,500 मीटर तक की ऊंचाई पर पाया जाता है। यह एक ठंडे वातावरण में उगने वाला पतझड़ी वृक्ष है, जो लगभग 20 मीटर तक ऊंचा हो सकता है। भोज को संस्कृत में भूर्ज या बहुवल्कल कहा गया है। उत्तराखंड में गंगोत्री के रास्ते में 14 किलोमीटर पहले भोजवासा आता है। भोजपत्र के पेड़ों की अधिकता के कारण ही इस स्थान का नाम भोजवासा पड़ा था, लेकिन वर्तमान में इस जगह भोज वृक्ष गिनती के ही बचे है। यही हाल गंगोत्री केडनास दर्रे का भी है।2007 में डेक्कन हेराल्ड में छपी रिपोर्ट के अनुसार यह पेड़ विलुप्ति की कगार पर है। इसे सबसे ज्यादा खतरा कांवडियों और पर्यटकों से है, जो गंगोत्री का पानी लेने आते है और भोज वृक्ष को नुकसान पहुंचाते है।

पहाड़ो का घुप अँधेरा, भोजवासा के होटलों के अलावा कहीं लाइट नहीं थी, खामोशी को चीरती भागीरथी जैसे कहीं पहुचने की जल्दी में थी, खैर ठण्ड और थकन की वजह से  और कुछ नहीं देख पाया. होटल में और भी यात्री थे, अपना पहाड़ी हुनर और होटल में काम करना आज काम आया जल्द ही वहां के कर्मचारियो से दोस्ती कर ली, फायदा .. १ गरम बाल्टी पानी और खाने के लिया उन लोगो का बना खाना जो घर जैसा था बिलकुल मुफ्त.  एक कर्मचारी जो वहां खाना बनता था उसने मुझसे गढ़वाली मे बात करनी शरू करी, ( हमारी बोली ( पौड़ी वाली) और उनकी बोली (टेहरी वाली) में काफी फर्क है, थोडा बहुत जो समझ आया उस से पता चला की उस की रिश्तेदारी हमारे गाँव के पास की है, और जब मैंने उसे बताया की मै यहाँ के बाद अपने गाँव जाऊंगा तो वो काफी खुश हुआ उसने कहा की उसकी चिट्टी अगर हो सके तो उस गाँव के बाज़ार में दे देना, मुझे क्या दिक्कत होती अरे भाई वो बाज़ार हमारे रस्ते में जो था. खैर रात काफी हो गयी थी, तो वार्तालाप को विराम देते हुए मैंने उन्हें कहा की वो मुझे सुबहे ४ बजे उठा दे गौमुख के लिए.

सुबहे १ गरम बाल्टी पानी के साथ पञ्च स्नान किया, बाहर गया तो देखा की वो ( कुक) एक खच्चर  के साथ तैयार था, मैंने कहा की इसकी क्या जरुरत है तो  उसने कहा की आप जब भोजवासा आ रहे थे तो मैंने आपको देखा था आपको चलने मे परेशानी हो रही थी और आगे का रास्ता और कठिन है और ये रेस्ट हाउस का की खच्चर  है जो सामान लाने के लिए रखा है, मैं भी चलूँगा आपके साथ… अंधे को क्या चाहिये दो रोटी ( ऑंखें वाला dialog  पुराना हो गया है), तो जी हम तीनो चल पड़े गौमुख की और.

सुबहे जल्दी निकले थे पर अकेले नहीं थे बहुत सारे यात्री भी थे, गौमुख, गौमुख दिल मे जपते जपते आगे बढ़ते रहे, फिर एक जगह खच्चर को रोका गया की इस से आगे की यात्रा पैदल ही करनी पड़ेगी, कमर कस कर आगे चले. आगे की यात्रा सच मे कठिन है बड़ी बड़ी चट्टानों को पार करना पड़ रहा था, भागीरथी की गर्जना और वेग बढ़ता जा रहा था.  चट्टानों से गौमुख नजर आने लगा था.

जय जय भगीरथ नन्दिनि, मुनि-चय चकोर-चन्दनि,
नर-नाग-बिबुध-बन्दिनि जय जहनु बालिका।
बिस्नु-पद-सरोजजासि, ईस-सीसपर बिभासि,
त्रिपथ गासि, पुन्रूरासि, पाप-छालिका।1।
बिमल बिपुल बहसि बारि, सीतल त्रयताप-हारि,
भँवर बर, बिभंगतर तरंग-मालिका।
पुरजन पूजोपहार, सोभित ससि धवलधार,
भंजन भव-भार, भक्ति-कल्पथालिका।2।
थ्नज तटबासी बिहंग, जल-थल-चर पसु-पतंग,
कीट,जटिल तापस सब सरिस पालिका।
तुलसी तव तीर तीर सुमिरत रघुवंस-बीर,
बिचरत मति देहि मोह-महिष-कालिका।3।

गंगोत्री से 19 किलोमीटर दूर 3,892 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गौमुख गंगोत्री ग्लेशियर का मुहाना तथा भागीरथी नदी का उद्गम स्थल है। कहते हैं कि यहां के बर्फिले पानी में स्नान करने से सभी पाप धुल जाते हैं।
25 किलोमीटर लंबा, 4 किलोमीटर चौड़ा तथा लगभग 40 मीटर ऊंचा गौमुख अपने आप में एक परिपूर्ण माप है। इस गौमुख ग्लेशियर में भगीरथी एक छोटी गुफानुमा ढांचे से आती है। इस बड़ी वर्फानी नदी में पानी 5,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एक बेसिन में आता है जिसका मूल पश्चिमी ढलान पर से संतोपंथ समूह की चोटियों से है।

गौमुख की विशालता देख के दंग रह गया, बड़ी बड़ी बर्फ की चट्टान धारा के साथ निकल रही थी, कई साधू संत धुप, अगरबती जला पूजा अर्चना कर रहे थे, मैंने भी अपने आप को किस्मत का धनी  मानते हुए माँ गंगा को प्रणाम किया की कुछ दिन पहले गर्मी से परेशान था आज भगवन की कृपा से स्वर्ग के दर्शन प्राप्त हुए. करीब आधा घंटा रुकने के बाद जब चलने लगा तो मेरे फौजी मित्र भी आ गए थे, उन्होंने अपना आगे का प्रोग्राम तपोवन का बना रखा था. मैंने उन्हें कहा की मैं आपका इंतजार गंगोत्री में करूँगा आप हो आओ. वापस भोजवासा पहुँच कर थोडा विश्राम किया, और अपने १ दिन के दोस्तों से विदा लेते हुए गंगोत्री की ओर प्रस्थान किया, ( चलते समय मैंने उस कुक की चिट्टी भी ले ली ).
सायं गंगोत्री पहुँच कर अपने रेस्ट हाउस में गया और अगले दिन ही उठा. अगली सुबहे मैंने अपना प्रोग्राम गंगोत्री मंदिर और आसपास की जगह का बनाया,

गंगोत्री मंदिर: “मंदिर का निर्माण एक पवित्र शिला पर हुआ है जहां परंपरागत रूप से राजा भागीरथ, महादेव की पूजा किया करते थे। यह वर्गाकार एवं छोटा भवन 12 फीट ऊंचा है जो शीर्ष पर गोलाकार है जैसा कि पहाड़ियों के मंदिरों में सामान्यतः रहता है। यह बिल्कुल समतल, लाल धुमाव के साथ सफेद रंग का है जिसके ऊपर खरबूजे की शक्ल का एक तुर्की टोपी की तरह शीखर रखा है। वर्ग के पूर्वी सिरे से, जो पवित्र श्रोत के निकट मुड़ा है वहीं यह पत्थर की छत सहित थोड़ा आगे बढ़ा हुआ है जहां सामने प्रवेश द्वार है तथा ठीक इसके विपरीत इसी आकार का एक छोटा मंदिर भैरोजी का है जो इस धार्मिक स्थल के अभिभावक माने जाते हैं। बड़े मंदिरों में गंगा, भागीरथी  एवं अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां है जिनका संबंध इस स्थल से है। संपूर्ण स्थल अनगढ़े पत्थरों के टुकड़ों से बनी एक दीवाल से घिरा है तथा इस जगह के आगे एक प्रशस्त सपाट पत्थर है। इस जगह भी वहां पुजारी ब्राह्मण के लिये एक छोटा पर आराम देह घर है। अहाते के बिना कुछ लकड़ी के छायादार निर्माण है तीर्थयात्रियों के लिये है जो ऊपर लटकते पत्थरों की गुफाओं में भी आश्रय पाते हैं, जो काफी हैं।” अधिकांश लोग मंदिर के इस वर्णन से सहमत होगें क्योंकि तब से बहुत मामूली सा परिवर्तन ही हुआ है। फिर भी इसी प्रारंभ से ही शहर विकसित हुआ है खासकर जब से गाड़ियां चलने के लिये सड़कें बन गयी है, इस स्थान तक पहुंचना सहज हुआ है तथा अधिकाधिक तीर्थयात्री एवं सैलानी यहां आने लगे हैं। इससे आय बढ़ी है जिसे मंदिर एवं शहर के विकास पर खर्च किया गया है।

गढ़वाल के गुरखा सेनापति अमर सिंह थापा ने 18वीं सदी में गंगोत्री मंदिर का निर्माण इसी जगह किया जहां राजा भागीरथ ने तप किया था। मंदिर में प्रबंध के लिये सेनापति थापा ने मुखबा गंगोत्री गांवों से पंडों को भी नियुक्त किया। इसके पहले टकनौर के राजपूत ही गंगोत्री के पुजारी थे। माना जाता है कि जयपुर के राजा माधो सिंह द्वितीय ने 20वीं सदी में मंदिर की मरम्मत करवायी।

गंगा भले ही हिंदुओं के लिए मां का साक्षात स्वरूप हो, लेकिन उत्तरकाशी के मुखवा के ग्रामीणों के लिए तो वह बेटी है। उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से 75किमी दूर मुखवागांव गंगा का मायका है। इसी गांव के लोग गंगोत्री के पुजारी भी हैं। शीतकाल के आरंभ में जब गंगोत्री मंदिर के कपाट बंद हो जाते हैं, तब गंगा जी अपने मायके मुखवाआ जाती हैं।यह आयोजन अक्षय तृतीया को गंगोत्री के कपाट खुलने से पहले हर साल होता है, लेकिन ग्रामीणों का उत्साह और गरिमामय वातावरण में कोई कमी नहीं रहती। विदाई के लिए डोली को सोने चांदी के छत्रों के साथ खास तरह से सजाया जाता है। मुखवा के गंगा मंदिर से विदाई के डोली को विदा देने के लिए क्षेत्र के आराध्य समेश्वरदेवता भी अपनी डोली के साथ मौजूद रहते हैं। ढोल दमाऊंकी थाप पर जब डोली मुखवासे विदा होती है तो लगभग पूरा गांव साथ हो लेता है। यहां से चंदोमतिमंदिर, मार्कण्डेय मंदिर होते हुए डोली यात्रा पैदल भैरों घाटी पहुंचती है। यहां एक दिन विश्राम के बाद अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री मंदिर में विशेष पूजा अर्चना के साथ मां गंगा की भोगमूर्तिस्थापित की जाती है। २५ किमी की इस यात्रा में रास्ते में अनेक श्रद्धालु भी शामिल हो जाते हैं।

माँ गंगा के दर्शन और आशीर्वाद ले के आसपास के कुंड जो सूर्य, विष्णु, ब्रह्मा आदि देवताओ के नाम पर हैं के दर्शन किये. वापस गेस्ट हाउस आकर, मैंने अगले दिन श्रीनगर का प्रोग्राम बनाया, जैसे की मैंने बताया की मुझे वापस श्रीनगर, पौड़ी होते हुए अपने गाँव जाना था.

गंगोत्री से उत्तरकाशी होते हुए मैं श्रीनगर पंहुचा, श्रीनगर में चाय की चुस्की के साथ मैंने पता किया की पौड़ी जाने के क्या साधन है तो पता चला की अभी ५.०० बजे अगर आप पौड़ी के लिए निकल जाते हो तो कल का श्रीनगर, पौड़ी का सफ़र बचेगा और आप सुबहे की बस से आप अपने गाँव जा सकते है जो पौड़ी से चलती है, बात तो ठीक थी, आधी चाय गले में और आधी गिलास में छोड़ मैं बस पकड़ पौड़ी चल पड़ा.

पर्वतों की हसीन वादियों में अनेक ऐसे स्थान हैं, जो पर्यटन की दृष्टि से भले ही खास पहचान नहीं बना पाए, लेकिन वहां व्याप्त नैसर्गिक छटा और सुरम्यता घुमक्कड़ी के शौकीन लोगों को आकर्षित करती है। ऐसी ही एक जगह है ‘पौड़ी’। यह छोटा सा पर्वतीय शहर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल का मुख्यालय है। कण्डोलिया हिल्स पर स्थित इस स्थान की समुद्रतल से औसत उंचाई 5950 फुट है। इस लिहाज से पौड़ी को इस मौसम का हिल स्टेशन भी कहा जा सकता है। प्रचलित हिल स्टेशनों की भीड़भाड़ से ऊबने के बाद यदि किसी शांत स्थल की तलाश हो तो पौड़ी एक आदर्श डेस्टिनेशन माना जाएगा। मजे की बात यह है कि यह एक बजट डेस्टिनेशन भी है। क्योंकि यहां कोई बड़ा या स्टार होटल नहीं है।

बस से उतर कर एक होटल मे चारपाई बुक कराई, जी हाँ चारपाई, वो भी १५ रुपये में. रात घुमने को तो कुछ नहीं था पर अपनी गाँव तक की टिकेट बुक करा ली थी जो सुबहे ४ या ५ बजे की थी. रात करीब ११ -१२ बजे के आसपास शोर सुन कर नीद खुली, बाहर देखा  तो करीब ५-६ लड़के जो नशे में थे सड़क पे लगी स्ट्रीट लाइट पे पत्थर फांक रहे थे, और आसपास की दुकानों के दरवाजे पीट रहे थे. पहले मैंने सोचा की शायद ये लोग बाहर के है और यहाँ मस्ती कर रहे है, पर होटल वाले से पता चला की ये लोग लोकल ही है, और ये उनका रोज का काम है, आप सो जाओ. नींद तो खैर क्या आनी थी, पूरी रात ये ही सोचता रहा की, जो कल्चर शहरों का था वो अब पहाड़ों में भी असर दिखाने लगा है. मुझे वो दिन याद आने लगे, जब अपने गाँव के  लड़के लडकियों को आपने गुरु (टीचर ) का काम करते हुए देखता था, उनका खाना बनाना, जंगल से लकड़ी लाना, कपडे धोना बाकी सारे काम. सिर्फ गुरूजी ही नहीं बाकी सभी बड़ों को आदर देना, ये सब सोचते सोचते कब आँख लग गयी पता ही नहीं चला.

पी पी पी  की जोर जोर आवाज से नींद टूटी तब समझ आया की बस तो जाने वाली है, वो तो बढ़िया रहा की बस वाला को बता दिया था की मैं कहाँ रुका हूँ, फटाफट अपना सामान समेटा और बस में बैठ गया. बस में ८-१० सवारी ही थी. एक बात बताना चाहूँगा की अधिकतर लोगो को बस के पहाड़ी सफ़र में उलटी या मतली लगती है, मेरे साथ ऐसा नहीं है, पाबो, बैजरो,  बीरोंखाल होते हुए अपने  गाँव मैठाना दोपहर करीब पहुंचा.

तो दोस्तों इस तरह मेरा अंजन सफ़र का समापन हुआ. अधिकतर जगहों की जानकारी वेबसाईट से ली गयी है, भूलचूक माफ़.

आप सभी का धन्यवाद्


No comments:

Post a Comment