Pages

Wednesday, 18 January 2012

मणि महेश की यात्रा


हिमालय सदियों से पर्वतारोहियों, पदयात्रियों एवं घुमक्कड़ों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा है, परन्तु भगवान शिव की तपस्थली होने के कारण भी संतों, ऋषियों एवं धार्मिक आस्थाओं में विश्वास रखने वाले श्रद्घालुओं को भी अपनी ओर खींचता है। ऐसी ही धार्मिक आस्थाओं से जुड़ी है मणि महेश यात्रा। पीर पंजाल की हिम श्रृंखला में हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पूर्वी भाग में तहसील भरमौर क्षेत्र में स्थित कैलाश शिखर समुद्र तल से 19,000 फुट की ऊंचाई पर है। इसकी गोद में मणि महेश झील समुद तल से 15000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। पौराणिक कथाओं के अनुसार यह झील भगवान शिव की क्रीड़ा-स्थली मानी गई है। हिमाचल के इस क्षेत्र के निवासी प्रतिवर्ष राधा अष्टमी के मौके पर इस स्थान पर लगने वाले मेले में भाग लेते हैं। यात्रा आरंभ होती है चंबा के लक्ष्मी नारायण मंदिर से। भगवान शिव की चांदी की छड़ी लेकर चली यह यात्रा राख, खड़ामुख आदि स्थानों से होती हुई भरमौर पहुंचती है, जहां चौरासी स्थल नामक मंदिर समूह में भगवान मणि महेश का मंदिर स्थित है।
यहां विश्राम तथा पूजा-अर्चना के पश्चात भरमौर से चल कर यह छड़ी हरसर, धांचू होते हुए राधा अष्टमी के दिन मणि महेश पहुंचती है। भरमौर से मणि महेश झील तक का यह पहाड़ी रास्ता प्राकृतिक दृश्यों से भरपूर है। यह यात्रा 4-5 घंटे में पूरी हो पाती है। हरसर तंग घाटी में बसा इस क्षेत्र का अंतिम गांव है। हरसर से आगे बढ़ने पर संगम पुल से एक रास्ता कुगती पास के लिए जाता है तथा दूसरा बुढल नदी के बाएं किनारे पर। बड़े- बड़े पत्थरों पर चलते हुए 10,000 फुट की ऊंचाई पर एक खुली घाटी में धांचु (धणछो) पहुंचते हैं। धणछो का अर्थ है झरनों में धनी झरना अर्थात राजा। धणछो के विशाल जलप्रपात के संबंध में भी एक पौराणिक कथा है कि शिव जी भस्मासुर से बचते हुए इसी प्रपात की कंदराओं के पीछे आ कर छिपे थे। जब भगवान विष्णु ने मोहिनी का रूप धारण कर भस्मासुर को भस्म कर दिया, तभी भगवान शिव यहां से निकले। बर्फीली चोटियों से घिरी 15,000 फुट की ऊंचाई पर मणि महेश झील दर्शनीय है। यहां का नीला स्वच्छ पानी अनेक रोगों को दूर करने वाला माना गया है। यहां पहुंचने के पश्चात श्रद्घालु स्नान कर पूजा- अर्चना करते हैं तथा झील की परिक्रमा करते हुए अपनी-अपनी मनौती मानते हैं। 15 दिनों तक लगने वाले इस मेले एवं यात्रा के दौरान सरकार द्वारा व्यापक प्रबंध किये जाते हैं।
कैसे पहुंचें रेलमार्ग-निकटतम रेलवे स्टेशन पठानकोट है। यहां से चम्बा 120 किलोमीटर की दूरी पर है तथा टैक्सी अथवा बस से चार पांच घंटे में पहुंचा जा सकता है। सड़क मार्ग- चम्बा से भरमौर की दूरी 65 किलोमीटर है तथा हरसर 80 किलोमीटर है। चम्बा से हरसर तक राजकीय बसों की नियमित सेवा चलती है।

मणिमहेश्‍वर 3950 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसकी चढ़ाई ज्‍यादा कठिन नहीं तो आसान भी नहीं है। इस मंदिर के दर्शन हेतु मई से अक्‍टूबर का महीना सबसे ज्‍यादा उपयुक्‍त है। लेकिन पहाड़ी चढ़ाई होने के कारण एक दिन में 4 से 5 घंटे तक की चढ़ाई ही संभव हो पाती है। मणिमहेश की यात्रा कम से कम सात दिनों की है। मोटे तौर पर मणिमहेश के लिए मार्ग है - नई दिल्‍ली - धर्मशाला - हर्दसार - दांचो - मणिमहेश झील - दंचो - धर्मशाला - नई दिल्‍ली.

 पहला दिन

नई दिल्‍ली पहुंचकर धर्मशाला के लिए प्रस्‍थान।
दूसरा दिन
(धर्मशाला-हर्दसार-दांचो, 2280 मीटर की ऊंचाई पर स्थित) हर्दसार से दांचो जिसकी दूरी 7 कि.मी. है, लेकिन जाने में 3 घंटे लग जाते हैं। रात भर कैंप में गुजारनी होती है।
तीसरा दिन
(दांचो - मणीमहेश झील, 3950 मी. की ऊंचाई पर स्थित) दांचो से मणीमहेश तक की चढ़ाई न केवल लंबी है वरन इस यात्रा का सबसे कठिनतम चरण भी है। इस मार्ग पर लगातार चढ़ाई करनी होती है। रात कैंप में बिताना होता है।
चौथा दिन
(मणिमहेश झील-दांचो) वापस आने की प्रक्रिया की शुरूआत। इसके तहत पहला दिन दांचो में गुजारना होता है।
पांचवां दिन
(दांचो-धर्मशाला)
छठा दिन
(धर्मशाला) यहां पहुंचने के उपरांत तीर्थयात्री अगर चाहें तो विभिन्‍न बौद्धमठों को देखने का लुत्‍फ उठा सकते हैं। इसके बाद शाम में पठानकोट पहुंचा जा सकता है। यहां से ट्रेन या सड़क मार्ग से दिल्‍ली के लिए प्रस्‍थान किया जा सकता है।
सातवां दिन
(आरक्षित दिन)
चांबा बेस से जाने पर चढ़ाई कुछ आसान हो जाती है। तीर्थयात्री चाहें तो इस मार्ग का भी इस्‍तेमाल कर सकते हैं।



 मणि महेश झील और पर्बत